3 फ़रवरी 2020

बस्तर में कृष्णदेवराय के स्वर्ण सिक्के

बस्तर में कृष्णदेवराय के स्वर्ण सिक्के.....!

बस्तर में पिछले साल सुकमा जिले के किन्दरवाड़ा में एक व्यक्ति को स्वर्ण सिक्कों से भरे दो कलश मिले था। उसमें से अधिकांश सिक्के विजयनगर साम्राज्य के महान सम्राट कृष्णदेवराय के थे। इन स्वर्ण सिक्को में एक तरफ भगवान बालकृष्ण की आकृति अंकित है जिसमें उपर की तरफ शंख और चक्र का अंकन किया गया है। दुसरे तरफ देवनागरी लिपि में श्री प्रताप कृष्ण राया अंकित है। किन्दरवाड़ा में मिले उन सिक्को को संबंधित व्यक्ति ने शासन के पास जमा कर दिया था।


विजय नगर साम्राज्य में सालूव वंश का शासन था। सालुव नरसिंह ने अपने अल्प वयस्क पुत्र के संरक्षक के रूप में नरसा नायक को नियुक्त किया। अवसर पाकर नरसा नायक ने संपूर्ण सत्ता पर अधिकार कर लिया और नियनगर का वास्तविक शासक बन गया। नरसा नायक ने विजयनगर में तुलूव वंश की सत्ता स्थापित की। इसी वंश में कृष्णदेवराय विजयनगर के राजा बने। कृष्णदेवराय भारत के महान सम्राटो में से एक है। कृष्णदेवराय ने विजयनगर साम्राज्य को अपने चरम पर पहंुचा दिया जिसके कारण पुरे विश्व में विजयनगर की धाक जम गई थी। कृष्णदेवराय ने 1509 से 1529 ई तक शासन किया। उनके समय स्वर्ण सिक्के प्रचलित रहे है जिस पर उनका नाम अंकित है।
इन सिक्को को पहचानने में मेरी मदद की है श्री हरिओम अग्रवाल जी ने। श्री हरिओम सर को प्राचीन सिक्को को संग्रह करने का नायाब शौक है।