21 मई 2020

"भगवान सूर्य" की सजीव प्रतिमा

"भगवान सूर्य" की सजीव प्रतिमा....!
शिल्पी ने प्रतिमा का निर्माण पुरा मन लगाकर किया है जिससे प्रतिमा ऐसी जीवन्त बन गयी है कि लगता है भगवान सूर्य अभी अपने नेत्र खोलकर पुरे संसार मे ऐसी रोशनी बिखेर देगे जिससे हर प्राणी मात्र तृप्त हो जायेगा. एक ग्राम मे अपेक्षित इस सजीव प्रतिमा के मुख मण्डल मे ऐसा आकर्षण बस्तर के किसी प्रतिमा मे देखने को नहीं मिला. यह जीवित सी लगने वाली प्रतिमा भगवान सूर्य की है. प्रतिमा मे दोनो हाथ खंडित है किन्तु कन्धे पर कमल की कलियों के अंकन से प्रतीत होता है कि दोनों हाथो मे सनाल कमल कलियाँ धारित रही होगी.
चरणो मे भगवान सूर्य की अन्य प्रतिमाओ की तरह लम्बे बूट का अभाव है. हालाकि नाग शासन काल मे निर्मित यह प्रतिमा प्रकृति और उपेक्षा की मार से क्षरित हो गयी है तथापि इसके मुख मण्डल का अप्रतिम सौन्दर्य अभी भी काफी प्रभाव शाली है. सिर पर मुकुट धारण किये और कानो मे बड़े बड़े कुण्डल पहने हुए सूर्य देव की प्रतिमा रौद्र एवं सौम्यता का मिश्रित भाव लिये हुए है. एक तरफ अधिक क्षरित होने के कारण ऐसा प्रतीत होता है कि भगवान सूर्य क्रोधित है एवम वही दुसरी तरफ से सौम्यता का भाव स्पष्ट परिलक्षित हो रहा है. उस शिल्पकार को नमन जिसने इस जीवन्त प्रतिमा का निर्माण किया.
ओम्
आप हमे instagram मे @bastar_bhushan follow कर सकते हैं...!

18 मई 2020

बस्तर मूर्ति शिल्प की अनमोल धरोहर- बारसूर का चन्द्रादित्य मंदिर

बस्तर मूर्ति शिल्प की अनमोल धरोहर- बारसूर का चन्द्रादित्य मंदिर......!

आज विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में बारसूर के चन्द्रादित्य मन्दिर की चर्चा करना आवश्यक हो जाता है। बारसूर बस्तर की ऐतिहासिक नगरी है. प्राचीन काल मे बारसूर को नाग राजाओ की राजधानी का गौरव प्राप्त था. इन्द्रावती के तट पर आबाद बारसूर अपने अंदर नागयुगीन अनेक ऐतिहासिक ईमारतो को संरक्षित किये हुए है. 

यहाँ का मामा भांजा मन्दिर, बत्तीस खम्बो पर आधारित युगल शिव मन्दिर,  विशालकाय गणेश प्रतिमाये आज बस्तर की पहचान बन चुकी है.  इसके अतिरिक्त बारसूर का चन्द्रादित्य मंदिर बस्तर की नाग कालीन प्रतिमा शिल्पो की विशिष्टता लिये हुए हैं. 
पुरे बस्तर मे सिर्फ़ चन्द्रादित्य मन्दिर ही एकमात्र ऐसा मंदिर है जिस पर जड़ी हुई प्राचीन मूर्तियाँ आज भी सुरक्षित है. बारसूर मे संग्रहालय परिसर मे किनारे तालाव के तट पर चन्द्रादित्य मंदिर अवस्थित है. भगवान शिव को समर्पित यह मन्दिर गर्भगृह, अन्तराल और मण्डप मे विभक्त है. किसी आक्रमण के कारण इस मंदिर का शिखर पुरी तरह से नष्ट हो चुका है. 
गर्भगृह मे शिव लिंग प्रतिष्ठापित है. गर्भगृह के प्रवेशद्वार के ललाटबिम्ब मे  हरिहर की प्रतिमा अंकित है. मण्डप के अन्दर नन्दी की अलंकृत पाषाण प्रतिमा स्थापित है. मण्डप की दीवारे बेहद ही शादी है. मण्डप पुरी तरह से ध्वस्त हो चुका था, कालान्तर मे इसका जीर्णोदधार कर इसे मूल स्वरुप मे लाया गया.
गर्भगृह की तीनो बाहरी दीवारो पर प्राचीन प्रतिमाये जड़ी हुई है. इनमे शिवपरिवार, विष्णु एवं उनके अवतार, अष्टदिकपाल, शाक्त प्रतिमाये, व्याली अंकन,  मैथुन प्रतिमाये, एवं तत्कालीन समाज के कुछ दृश्यो का अंकन भी प्रतिमाओ में हुआ है. मैथुन प्रतिमाओ के अंकन के कारण इसे बस्तर का खजुराहो भी कहा जाता है.
चक्रकोट के नाग राजा जगदेकभूषण के महामण्डलेश्वर चन्द्रादित्य महाराज ने 1061 इस्वी मे इस शिव मंदिर का निर्माण करवाया था. चन्द्रादित्य के नाम पर यह मंदिर चन्द्रादित्य मंदिर के नाम से जाना जाता है. इस मंदिर के खर्च एवं रख रखाव हेतु चन्द्रादित्य ने महाराज धारावर्ष से गोवर्धननाडू ग्राम खरीद कर अर्पित किया था. 
इस मंदिर के अतिरिक्त चन्द्रादित्य ने चंद्र सरोवर भी खुदवाया था जो आज इस मंदिर से लगा हुआ बारसूर का विशाल बूढा तालाब है. मंदिर , तालाब के अतिरिक्त उसने चन्द्रादित्य बाग भी लगवाया था. इस मंदिर की एक ही जानकारी के दो शिलालेख मिले है.एक तो इस मंदिर से और दुसरा 70 किलोमीटर दुर जाँगला से प्राप्त हुआ है.
नाग कालीन प्रतिमा शिल्प के अध्ययन हेतु यह मंदिर किसी भी शोधार्थी के लिये बेहद ही उपयुक्त है. इसके अतिरिक्त बारसूर मे सोलह खम्भा मन्दिर, पेद्म्मा गुड़ी, हिरमराज मन्दिर भी अपने जीर्णोद्धार की बाट जोह रहे है. बारसूर जिला दंतेवाडा के  गीदम नगर से 20 किलोमीटर की दुरी पर है. रायपुर से सडक मार्ग से लगभग 400 किलोमीटर की दुरी पर है.  वही विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट से सिर्फ़ 45 किलोमीटर की दुरी पर है.

3 मई 2019

न्याय की देवी - केशकाल की भंगाराम मांई

न्याय की देवी - केशकाल की भंगाराम मांई ....!

केशकाल मे देवी भँगाराम माई का मंदिर सैकड़ों साल पुराना है. बस्तर मे भंगाराम माई को न्याय की देवी के रूप मे पूजा जाता है.आदिम संस्कृति में कई व्यवस्थायें ऐसी है जिनकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते जिन देवी देवताओं की पूरी आस्था के साथ पूजा अर्चना की जाति है उन्हीं देवी देवताओं को भक्तों की शिकायत के आधार पर सजा भी मिलती है। 

यहां पर देवी देवताओं से वर्ष भर में किये गये कार्यों का हिसाब किताब लेखा-जोखा होता है वहां पर देवी देवताओं को उनके ठीक कार्य नहीं करने पर उसे सजा सुनाई जाती है जो देवताओं के कार्य ठीक रहने पर उसे उच्च कोटी का दर्जा दिया जाता है।
यहां प्रतिवर्ष भादो माह के कृष्णपक्ष के शनिवार के दिन भादो जातरा का आयोजन किया जाता है .जातरा के पहले छः शनिवार को सेवा (विशेष पूजा) की जाती है और सातवें अंतिम शनिवार को जातरा का आयोजन होता है । इस अंतिम शनिवार को जातरा के दिवस क्षेत्र के नौ परगना के देवी देवता के अलावा पुजारी, सिरहा, गुनिया, मांझी, गायता मुख्या भी बड़ी संख्या में शामिल होते है ।
यह मेला शनिवार के दिन ही लगता है, क्षेत्र के विभिन्न देवी देवताओं का भंगाराम मांई के दरबार में अपनी हाजरी देना अनिवार्य होता है । जात्रा के दिन भंगाराम मांई के दरबार पर महिलाओं का आना प्रतिबंधित होता है ।
सभी देवी देवताओं को फुल पान सुपारी मुर्गा बकरा बकरी देकर प्रसन्न किया जाता है वहीं भंगाराम मांई के मान्यता मिले बिना किसी भी नये देव की पूजा का प्रावधान नहीं है । देवी देवताओं के मेला में क्षेत्र व दूरदराज के लोग भी काफी संख्या में उपस्थित होते है ।
नवरात्रि मे बस्तर के नौ देवी मंदिरो की जानकारी के तहत आज आठवी पोस्ट... अधिक से अधिक शेयर करें!

8 फ़रवरी 2019

मुकड़ी मावली के दरबार में होती है प्रेमियों की ईच्छा पुरी

मुकड़ी मावली के दरबार में होती है प्रेमियों की ईच्छा पुरी


प्रत्येक व्यक्ति की इच्छा होती है की उसे उसका मनचाहा जीवनसाथी मिले परन्तु हर व्यक्ति की यह इच्छा पूरी नहीं होती है। कुछ खुशनसीब होते है जिन्हे उनके मनपसंद जीवनसाथी मिल जाते है। हर प्रेमी जोड़े की ख्वाहिश होती है कि उनका प्रेम अमर रहे, वो दोनों हमेशा साथ रहे। 

परन्तु विभिन्न कारणों से प्रेमी प्रेमिका साथ नही रह पाते है। उनका प्रेम अधूरा रह जाता है। बहुत से प्रेमी प्रेमिका अपने विवाह के लिए विभिन्न तरह के मनौतियां मांगते है। कई तरह के टोटके करते है। मंदिरो में भगवान से प्रार्थना करते है। दंतेवाड़ा में मुकड़ी मावली के समक्ष मांगी गई विनती जरूर पुरी होती है। 

दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार ग्राम में प्रचलित एक मान्यता के अनुसार हर वर्ष कई प्रेमी अपने मनवांछित प्रेमिका से विवाह करने के मुकड़ी मावली माता के मंदिर आते है। अपनी प्रेमिका या चहेती लड़की से शादी करने के लिए यहां प्रचलित मान्यता अनुसार उसके बाल या कपडे को पत्थर के नीचे दबाकर रखा जाता है और देवी से बिना रूकावट शादी कराने का निवेदन करते है।

 देवी के शक्ति से नहीं चाहने वाले लड़की तथा उसके परिजनों का विचार बदल जाता है और वे शादी के लिए तैयार हो जाते है। ऐसे सफल प्रेमी हर साल जून में आयोजित जात्रा में आकर देवी को अपनी भेंट चढ़ाते है। इस मंदिर में महिलाओ का जाना वर्जित है।

गीदम से बारसूर मार्ग में स्थित हीरानार से बायीं ओर १७ की. मी. की दुरी पर छिंदनार ग्राम है। इस  छिंदनार ग्राम से बारसूर जाने वाले मार्ग में लगभग चार किलोमीटर की दुरी पर पहाड़ी के नीचे  सैकड़ो वर्ष पुराना एक छोटा सा मंदिर स्थित है। मंदिर काले पत्थर के शिलाओं से निर्मित है। मंदिर में मुकड़ी मावली माता की प्रतिमा स्थापित है। घने जंगलों के मध्य स्थित यह जगह काफी रोमांचकारी है।  किसी जानकार व्यक्ति के साथ यहाँ जा सकते है।

19 दिसंबर 2018

हिड़पाल के भगवान पारसनाथ

हिड़पाल के भगवान पारसनाथ.....!

बस्तर में ग्यारहवी सदी में छिंदक नाग शासक राजभूषण महाराज सोमेश्वर देव ने जैन धर्म को संरक्षण दिया था। उनके शासनकाल में पुरे चक्रकोट राज्य में जैन साधु निवास करते थे। तत्कालीन समय में जैन तीर्थंकरों की बहुत सी प्रतिमायें बस्तर के कोने कोने में स्थापित करवायी गयी थी। 

सोमेश्वर देव की राजधानी कुरूषपाल के आसपास आज भी जैन तीर्थंकरों की बहुत सी प्रतिमायें देखने को मिलती है। उप राजधानी बारसूर में भी कुछ प्रतिमायें संग्रहालय में सुरक्षित है। 


बारसूर के पास ही हिड़पाल नामक छोटा सा वन ग्राम है। बारसूर से 16 किलोमीटर दुर हिड़पाल ग्राम में भालूनाला के पास भगवान पारसनाथ और सिंह पर सवार माता दुर्गा की प्रतिमा रखी हुई थी। स्थानीय ग्रामीण इन्हे भगवान विष्णु और दुर्गा के रूप में पूजा करते आ रहे है। भगवान विष्णु की प्रतिमा वास्तव में 23 वें जैन तीर्थंकर भगवान पारसनाथ जी की है। प्रतिमा में पीछे की तरफ सात फण युक्त सर्प उकेरा गया है। 

ये प्रतिमायें 1982 के आसपास हिड़पाल में कुसुम पेड़ के नीचे रखी हुई थी। पास के गांव वाले इन प्रतिमाओं को उठाकर अपने ग्राम ले जा रहे थे। लेकिन वे इस कार्य में असफल रहे। ग्रामीणों ने इन प्रतिमाओं को भालूनाले के पास ही एक छोटी सी देवगुड़ी में स्थापित कर दिया था। वे सालों से इनकी पूजा अर्चना करते आ रहे है। 


बारसूर जाने से पहले एक कच्चा मार्ग हिडपाल की ओर जाता है। हिड़पाल के घने जंगलों में भालूनाले के पास ही ये प्रतिमायें वर्तमान में एक नवीन मंदिर स्थापित कर दी गई है। हिड़पाल जाने का मार्ग भी घने जंगलों से घिरा हुआ है। 

जिस नाले के किनारे यह मंदिर है वहां भालू पानी पीने आते है जिसके कारण उसे भालूनाला कहा जाता है। ग्यारहवी सदी की ये प्रतिमायें आज भी श्रद्धा एवं विश्वास के साथ हिड़पाल के जंगलों में सुरक्षित है। किसी जानकार व्यक्ति के साथ हिड़पाल की इन प्रतिमाओं को देखने जा सकते है। ओम। 

15 नवंबर 2018

मां बंजारिन बास्तानार

मां बंजारिन बास्तानार......!

बस्तर के विभिन्न पहाड़ों में भी माता के कई मंदिर हैं, और हर आने जाने वाला यहां दो पल के लिए जरूर रुकता है। इन्ही पहाड़ियों में एक है मां बंजारिन का मंदिर, जो बास्तानार के वनाच्छादित पहाड़ों के मध्य बंजारिन घाट में प्रतिष्ठित है।

जिला मुख्यालय से 60 किमी दूर जगदलपुर-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्र.16 पर पहाड़ियों के बीच बंजारिन घाट है। माता का मंदिर गीदम से 10 किलोमीटर दुर जगदलपुर मार्ग पर है। बंजारिन घाट लगभग 15 किलोमीटर लंबा है।
घाटी की उंचाई से दूर बैलाडिला की पहाड़ियों के मनमोहक दृश्य दिखाई पड़ते है।  घाटी के मध्य मां बंजारिन का पुराना मंदिर है। देवी के प्रति क्षेत्र के लोगों में बड़ी आस्था है।

चैत्र और क्वांर नवरात्रि में माता की विशेष पूजा होती है। बंजारीघाट के जोखिम भरे रास्ते से गुजरने वाले वाले वाहन चालक निर्विघ्न यात्रा की कामना के साथ इस मंदिर के सामने रुकते हैं और देवी की अर्चना पश्चात ही आगे बढ़ते है। इसी तरह लोग केसकाल बारह भांवर घाट और दरभा के झीरम घाट में रूक कर मां तेलिनसत्ती की पूजा कर आगे बढ़ते हैं।

इन देवियों को बस्तर के अलावा बाहर के लोग भी पर्याप्त सम्मान देते हैं। ऐसे भक्तों ने ही बंजारी घाट, केसकाल घाट और झीरम घाट के मंदिरों को संवारा है।
मंदिर में देवी एवं भगवान गणेश की प्राचीन प्रतिमायें स्थापित है। बंजारिन घाट की हरी भरी वादियों में माता के दर्शन से अपार शांति मिलती है!