20 मई 2019

कोलाब डैम- एक बेहतरीन पर्यटन स्थल

कोलाब डैम- एक बेहतरीन पर्यटन स्थल.......!

इंद्रावती के बाद बस्तर में दुसरी सबसे बड़ी कोई नदी है तो वह शबरी नदी। शबरी नदी सुकमा के पास से बहते हुए दक्षिण में छत्तीसगढ़ की सीमा रेखा बनाती है। ओडिसा के सींकाराम पहाड़ियों से निकलकर शबरी गोदावरी में विलीन हो जाती है। इंद्रावती के बाद शबरी गोदावरी की दुसरी सबसे बड़ी सहायक नदी है। ओडिसा में शबरी को कोलाब या खोलाब के नाम से भी जाना जाता है।
इसी कोलाब पर ओडिसा के कोरापुट जिले में बहुत बड़ा डेम बनाया गया है। यह डेम इस क्षेत्र में कोलाब डैम के नाम से चर्चित है। कोलाब डैम बस्तर के लोगों के लिये बेहद ही महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। हर साल हजारों लोेग कोलाब डैम में पिकनिक मनाने एवं घुमने के लिये जाते है।

कोलाब डैम बनाने की सुगबुगाहट अंग्रेजों के समय ही हो चुकी थी। 1976 में कोलाब डैम का निर्माण कार्य पुरा हुआ। कोलाब डैम में दुर दुर तक सिर्फ पानी ही पानी दिखलाई पड़ता है। जहां तक नजर जाती है वहां तक सिर्फ पानी ही नजर आता है। डैम के पास बहुत ही सुंदर बगीचा बनाया गया है।

जिसमें हजारों रंग बिरंगे फूल हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करते है। बगीचे में फैली हरियाली और पेड़ों की शीतल छांव पर्यटकों को काफी सुकून देते है। डैम में हिलोरे मारता कोलाब का पानी एक नया संगीत सुनाता है। आसपास के ग्रामों की ओड़िया संस्कृति भी काफी आकर्षित करती है। कोलाब डैम एक बेहतरीन पर्यटन स्थल है। जगदलपुर से ओडिसा के जयपोर होते हुुए डैम तक स्वयं के वाहन से जाया जा सकता है।